BMC मेयर चुनाव हुआ दिलचस्प! अब उद्धव गुट के सांसद की एकनाथ शिंदे से अपील, ‘हमारा समर्थन करें’
BMC मेयर चुनाव

BMC Mayor: शिवसेना (यूबीटी) नेता भास्कर जाधव ने कहा कि यह साल बालासाहेब ठाकरे के जन्म शताब्दी का साल है और ऐसे में मुंबई का मेयर शिवसेना का न हो यह बेहद ही दुख की बात है.

महाराष्ट्र में महानगरपालिका चुनावों के नतीजे आने के बाद सत्ता को लेकर खींचतान जारी है. इस बीच बीच उद्धव ठाकरे गुट के नेता भास्कर जाधव ने शुक्रवार (23 जनवरी) को कहा कि बीएमसी के मेयर पद को लेकर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को उद्धव ठाकरे के उम्मीदवार का समर्थन करना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर शिंदे गुट शिवसेना (UBT) को समर्थन देता है, तो यह शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे के जन्म शताब्दी पर उन्हें सही मायने में श्रद्धांजलि होगी. वहीं संजय राउत ने कहा कि पार्टी के इतने भी बुरे दिन नहीं आए हैं.

जब भास्कर जाधव से पूछा गया कि क्या महापौर के लिए एकनाथ शिंदे को उद्धव ठाकरे को समर्थन देना चाहिए? इस उन्होंने कहा, ”बिल्कुल देना चाहिए. मान, अपमान, अहंकार अलग रख कर महापौर बनाने के लिए एकनाथ शिंदे को उद्धव ठाकरे के साथ आकर उन्हें समर्थन देना चाहिए.”

मुंबई का मेयर शिवसेना का न हो ये दुख की बात- जाधव
शिवसेना (यूबीटी) नेता भास्कर जाधव ने आगे कहा, ”मेरे मन में इस बात को लेकर बहुत दुख है. यह साल बालासाहेब ठाकरे के जन्म शताब्दी का साल है और ऐसे में मुंबई का मेयर शिवसेना का न हो यह दुख की बात है. जो बालासाहेब के विचारों को लेकर आगे जाना चाहते हैं, उनसे मेरी विनती है कि मेयर पद के लिए उद्धव ठाकरे को समर्थन दें.”

